Ad Code

Responsive Advertisement

कश्मीर में 72 घंटे में दूसरा आतंकी हमला, 2 जवान शहीद, संसद पर हमले की 20वीं बरसी पर उग्रवादी बेखौफ


ब्यूरो रिपोर्ट

नई दिल्ली/ श्रीनगर।सोमवार को पार्लियामेंट पर आतंकी हमले की 20वीं बरसी थी। संसद पर हमले की बरसी के मौके पर उग्रवादियों ने सोमवार को फिर सुरक्षा बलों पर घात लगा कर हमला किया। आतंकियों ने श्रीनगर के बाहरी इलाके जेवान में पुलिस बस पर गोलीबारी कर दो सुरक्षा कर्मियों को शहीद कर दिया। इस हमले में 14 अन्य कर्मी जख्मी भी हो गए। एएसआई और कांस्टेबल इस हमले में शहीद हो गए। दोनों ने जख्मी होने के बाद हॉस्पिटल में दम तोड दिया। जानकारी के मुताबिक श्रीगनर के पंथा चौक क्षेत्र के पास जेवान में आतंकवादियों ने पुलिस बस पर भारी गोलीबारी की। 

कश्मीर ज़ोन पुलिस ने ट्वीट कर हमले की जानकारी दी। साथ ही कहा कि जख्मियों को अस्पताल पहुंचाया गया है और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए ट्वीट किया कि ‘श्रीनगर के बाहरी इलाके में पुलिस बस पर हुए आतंकी हमले की खबर भयानक है। मैं इस हमले की कडी निंदा करता हूं और साथ ही मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर रहा हूं और घायलों के लिए प्रार्थना करता हूं।’

सोमवार को ही श्रीनगर के बाहरी इलाके में सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड़ में दो अज्ञात आतंकवादियों को मार गिराया था। मुठभेड़ रंग्रेठ इलाके में हुई थी। कश्मीर जोन पुलिस ने बताया कि दो आतंकवादियों को ढेर किया गया है जिनकी अभी पहचान नहीं हो सकी है।

इससे पहले 10 दिसंबर को भी जम्मू-कश्मीर के बांदिपुरा इलाके में आतंकवादी हमले में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने बताया था कि आतंकवादियों ने शाम को गुलशन चौक पर पुलिस के एक दल पर गोलियां चलाईं। गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे और उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी मौत हो गई

Ad Code

Responsive Advertisement